Blog

खरना के बाद आज अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे व्रती। (खरना की पूजा के बाद शुरू किया 36 घंटे का निर्जला व्रत, बाजारों में पूजन सामग्री की खरीदारी को उमड़ी भीड़)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
पूर्वांचल का लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा को लेकर डोईवाला क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। शनिवार को पर्व के दूसरे दिन बाजारों में पूजा की तैयारियों को लेकर खूब चहल-पहल रही। व्रतियों और उनके परिजनों ने बाजार पहुंचकर बांस की टोकरी, सूप, फल, नारियल, गन्ना, दीपक और अन्य पूजन सामग्री की खरीदारी की। फल और पूजा में इस्तेमाल होने वाली पारंपरिक सामग्री की दुकानों पर लोगों की आवाजाही बनी रही।

छठ पर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना की परंपरा निभाई गई। व्रतियों ने दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को स्नान कर भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा-अर्चना की। इसके बाद गुड़ की खीर और रोटी सहित पारंपरिक प्रसाद तैयार कर भोग लगाया और परिवार के सदस्यों के साथ प्रसाद ग्रहण किया। खरना की पूजा संपन्न होने के साथ ही व्रतियों ने करीब 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू कर दिया। इस दौरान वे अन्न और जल ग्रहण नहीं करेंगे।

रविवार को छठ पूजा का मुख्य अनुष्ठान होगा। व्रती परिवार के सदस्यों के साथ नदी और जलाशयों के किनारे बनाए गए घाटों पर पहुंचेंगे। यहां पानी में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे और परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और संतान की लंबी आयु की कामना करेंगे। घाटों पर छठी मैया के पारंपरिक गीतों और पूजा-अर्चना से भक्तिमय वातावरण बनेगा।

वहीं सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा। इसके बाद व्रती विधि-विधान से पूजा कर पारण करेंगे। छठ पर्व में सूर्यदेव और छठी मैया की आराधना का विशेष महत्व माना जाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button