बाल दिवस पर फैंसी ड्रेस शो में महापुरुषों और वीरांगनाओं का रूप धरकर बच्चों ने दिखाई प्रतिभा। (पब्लिक इंटर कॉलेज में रंगारंग कार्यक्रमों के साथ मनाया बाल दिवस, क्रिकेट प्रतियोगिता में इंटर कक्षा की टीम ने जीती ट्रॉफी)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
पब्लिक इंटर कॉलेज में शनिवार को बाल दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान फैंसी ड्रेस शो, क्रिकेट मैच और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई।
फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में कक्षा छह और सात के विद्यार्थियों ने चाचा नेहरू, रानी लक्ष्मीबाई, भगत सिंह और गौरा देवी सहित कई महापुरुषों एवं वीरांगनाओं का रूप धारण कर उनके व्यक्तित्व को प्रदर्शित किया। प्रतियोगिता में दृष्टि, तनुष्का और अर्चना विजेता रहीं। क्रिकेट प्रतियोगिता में इंटर कक्षा की टीम ने शानदार प्रदर्शन कर ट्रॉफी अपने नाम की।
प्रधानाचार्य अंकित डोबरियाल ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने आधुनिक भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। बच्चों के प्रति उनके विशेष लगाव के कारण ही उनका जन्मदिन बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है।
शिक्षक अवधेश सेमवाल और अश्वनी गुप्ता ने कहा कि नेहरू के विचार और राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान आज भी प्रेरणादायक है। इस दौरान तंबाकू निषेध विषय पर आयोजित चित्रकला और निबंध प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अश्वनी गुप्ता ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



