डोईवाला की सड़कों और कॉलेज के नामकरण का मुद्दा सदन में उठा। (विधायक बृजभूषण गैरोला ने नियम 300 और 53 के तहत रखे क्षेत्र के विकास से जुड़े विषय)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
गैरसैंण में आयोजित विधानसभा सत्र के दौरान डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने क्षेत्र की सड़कों के किनारे कच्ची पटरियों पर इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने और डोईवाला पब्लिक इंटर कॉलेज का नाम पूर्व विधायक एवं राज्य आंदोलनकारी स्वर्गीय रणजीत सिंह वर्मा के नाम पर रखने का मुद्दा सदन में उठाया।
विधायक ने नियम 300 के अंतर्गत भानियावाला-थानो मार्ग, डोईवाला शुगर मिल से धर्मूचक मार्ग और भानियावाला चौक से गणपति वेडिंग प्वाइंट से आगे दो किलोमीटर तक सड़क के दोनों ओर कच्ची पटरियों पर इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने का विषय रखा।
इसके साथ ही जोगीवाला से बद्रीपुर, नवादा और इंदरपुर चौक तक तथा डोईवाला शुगर मिल से बुल्लावाला इंटर कॉलेज तक सड़क के दोनों ओर टाइल्स लगाने की मांग का विषय भी सदन में रखा। संगतियावाला से बक्सरवाला तक आंतरिक मार्गों के दोनों ओर कच्ची पटरियों पर इंटरलॉकिंग टाइल्स निर्माण का मुद्दा भी उठाया गया।
विधायक बृजभूषण गैरोला ने नियम 53 के अंतर्गत डोईवाला पब्लिक इंटर कॉलेज का नाम उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी एवं पूर्व विधायक स्वर्गीय रणजीत सिंह वर्मा के नाम पर किए जाने का विषय भी सदन में रखा।



