बच्चों को अधिकारों और सुरक्षा के प्रति किया जागरूक। (सुरक्षित बचपन अभियान के तहत 200 विद्यार्थियों को दी कानूनी जानकारी)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
रेनसा द्रोण स्कूल में सुरक्षित बचपन जागरूकता अभियान के तहत विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के मार्गदर्शन और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून की सचिव सीमा डूंगराकोटी के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में करीब 200 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता तहसील विधिक सेवा प्राधिकरण डोईवाला की अध्यक्ष सांची अग्रवाल ने की।
विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, पोक्सो अधिनियम-2012, गुड टच-बैड टच और नालसा की बाल हितैषी विधिक सेवाएं योजना-2024 की जानकारी दी गई। साथ ही हेल्पलाइन नंबर 15100, 1098, 1930 और 112 के बारे में बताया गया।
तहसील विधिक सेवा प्राधिकरण डोईवाला की अध्यक्ष सांची अग्रवाल ने कहा कि बच्चों को अपने अधिकारों और कानूनी सुरक्षा की जानकारी होना जरूरी है। जागरूकता से बच्चों को शोषण और दुर्व्यवहार से बचाने में मदद मिलती है।
डोईवाला कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक सचिन पुंडीर ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा के लिए उन्हें जागरूक करना बेहद जरूरी है। किसी भी तरह की परेशानी या दुर्व्यवहार होने पर बच्चों को बिना घबराए इसकी जानकारी अपने अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस को देनी चाहिए, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
कार्यक्रम में उपनिरीक्षक नीमा रावत, काउंसलर निशा, पैनल अधिवक्ता जुगनू रानी, मनोज मल्होत्रा, पीएलवी सुमन रानी, विद्यालय के प्रधानाचार्य और शिक्षकगण मौजूद रहे।



