नाटक के जरिए जीवन और समाज को समझेंगे महाविद्यालय के विद्यार्थी। (शहीद दुर्गा मल्ल महाविद्यालय में चार दिवसीय कार्यशाला शुरू, 31 छात्र-छात्राएं ले रहे प्रशिक्षण)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
शहीद दुर्गा मल्ल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डोईवाला में मंगलवार को अर्थशास्त्र विभाग और अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में चार दिवसीय नाट्य प्रशिक्षण कार्यशाला शुरू हुई। 13 से 16 अक्टूबर तक चलने वाली कार्यशाला में 31 छात्र-छात्राएं प्रतिभाग कर रहे हैं।
कार्यशाला संयोजक एवं अर्थशास्त्र विभाग प्रभारी डॉ. शिवकुमार लाल ने बताया कि इसका उद्देश्य विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ संवाद कौशल, मंच पर बोलने और अभिव्यक्ति की क्षमता को निखारना है।
डॉ. संजीव सिंह नेगी ने कहा कि ऐसी कार्यशालाओं से विद्यार्थियों की प्रतिभा निखरती है और उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है। प्रसिद्ध साहित्यकार डॉ. नवीन कुमार मैथानी ने कहा कि नाटक जीवन शैली है। इसके माध्यम से व्यक्ति कई जीवन जीने के साथ समाज को बेहतर ढंग से समझता है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डीपी भट्ट ने कार्यशाला के आयोजन में मार्गदर्शन प्रदान किया। मुख्य प्रशिक्षक गणेश बलूनी, रीना ठाकुर और डॉ. अर्चना तापलियाल अगले चार दिनों तक विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देंगे।
इस अवसर पर डॉ. हर्ष नेगी, डॉ. पूनम भस्माना, प्रिंस, करिश्मा, शिवानी, आदित्य सहित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



