संयुक्त मॉक अभ्यास आपदा के समय बेहतर समन्वय की मजबूत नींव। अर्पण यदुवंशी (थानों क्षेत्र के मुंडिया गांव में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और हरियाणा एसडीआरएफ की टीमों ने किया संयुक्त अभ्यास)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड के निर्देश पर देहरादून जनपद के थानों क्षेत्र के मुंडिया गांव में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और हरियाणा एसडीआरएफ की टीमों ने संयुक्त आपदा प्रबंधन मॉक अभ्यास किया। भूस्खलन और बादल फटने की काल्पनिक स्थिति पर आधारित इस अभ्यास में तीनों राज्यों की टीमों ने संयुक्त राहत एवं बचाव अभियान का प्रदर्शन किया।
अभ्यास से पूर्व सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी ने कहा कि किसी भी बड़ी आपदा के दौरान राज्यों के बीच बेहतर समन्वय और त्वरित निर्णय क्षमता राहत एवं बचाव कार्यों की सफलता की कुंजी है। उन्होंने सभी टीमों को निर्धारित एसओपी और सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए।
जॉलीग्रांट स्थित एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय के स्टेजिंग एरिया से तीनों राज्यों की टीमें मुंडिया गांव पहुंचीं और इंसिडेंट कमांड पोस्ट व मेडिकल पोस्ट स्थापित कर रोप रेस्क्यू, सीएसएसआर, रिवर क्रॉसिंग, विक्टिम रेस्क्यू, मेडिकल रिस्पॉन्स और अन्य तकनीकी बचाव कार्यों का संयुक्त अभ्यास किया।
समापन पर उप सेनानायक शुभांक रतूड़ी ने डी-ब्रीफिंग में अभ्यास की समीक्षा की। इस दौरान सहायक सेनानायक सुशील रावत, निरीक्षक प्रमोद कुमार, उत्तर प्रदेश एसडीआरएफ के सहायक कमांडेंट सोमनाथ यादव, निरीक्षक बृजेश सिंह, हरियाणा एसडीआरएफ के टीम इंचार्ज निरीक्षक शीशराम सहित तीनों राज्यों के अधिकारी और जवान मौजूद रहे।



