सिंगल यूज प्लास्टिक पर पालिका की सख्ती, चार चालान कर वसूला 22,100 रुपये अर्थदंड। (डोईवाला बाजार में फुटपाथ से अतिक्रमण भी हटवाया, अभियान के दौरान टीम ने की कार्रवाई)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
नगर पालिका परिषद डोईवाला की टीम ने सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान चलाते हुए चार चालान किए। कार्रवाई के दौरान पालिका ने 22,100 रुपये का अर्थदंड वसूला। इसके साथ ही डोईवाला बाजार क्षेत्र में सड़क किनारे फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को भी टीम ने मौके पर हटवाया।
पालिका की टीम ने बाजार क्षेत्र में दुकानदारों और अन्य लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करने के लिए जागरूक किया। साथ ही सार्वजनिक स्थानों और फुटपाथ पर अतिक्रमण नहीं करने की हिदायत दी गई। पालिका अधिकारियों ने बताया कि स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
अधिशासी अधिकारी एमएल शाह ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ पालिका की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग करने वालों पर नियमानुसार अर्थदंड लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बाजार क्षेत्र में फुटपाथ और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा पालिका की टीम लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई करेगी।
अभियान में सफाई निरीक्षक संकेत कुमार, सफाई सुपरवाइजर सुरेंद्र, नीरज, प्रवीण और विनीत सहित अन्य पालिका कर्मचारी मौजूद रहे।



