Blog

धूमधाम से डोईवाला में मनाया गया मायावती का 70 वां जन्मदिन।

बसपा कार्यकर्ताओं ने केक काटकर जताया उत्साह, 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर दिया संगठन को मजबूत करने का संदेश

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री कुमारी मायावती का 70वां जन्मदिन पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इसी क्रम में डोईवाला में बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा जन्मदिन कार्यक्रम धूमधाम से आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित बसपा देहरादून जिला अध्यक्ष केपी सिंह ने कार्यकर्ताओं के साथ केक काटकर जन्मदिन मनाया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मायावती का जन्मदिन बसपा कार्यकर्ताओं के लिए किसी पर्व से कम नहीं है। बहन जी ने अपने राजनीतिक जीवन में हमेशा सर्व समाज को साथ लेकर कार्य किया है। उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में व्यापक विकास कार्य हुए, जिनकी पहचान आज भी कायम है।

देहरादून जिला उपाध्यक्ष गोपाल शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि कार्यकर्ताओं को बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान के मूल्यों पर चलकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से संगठन को मजबूत करने की आवश्यकता है।

जिला महासचिव प्रमोद गौतम, जिला प्रभारी सुरेंद्र जजरिया, डोईवाला विधानसभा प्रभारी इतवार सिंह, विधानसभा प्रभारी प्रदीप कुमार एवं विधानसभा अध्यक्ष पंकज कुमार ने भी अपने विचार रखते हुए कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर बसपा की नीतियों और कार्यक्रमों को पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जसकरण, रवि गौतम, संजय सिंह, मनोज कुमार, ओंकार सिंह, अनुज राजभर, राजकुमार, राजेश, शुभम जाटव, सुशील, अनिल, विनोद, बृजेश कुमार, बिजेंदर, ओमपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button