अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना भाजपा की प्रतिबद्धता। विधायक बृजभूषण गैरोला
डोईवाला के वार्ड 7 व 8 में 30 लाख की लागत से इंटरलॉकिंग टाइल्स सड़क का भूमि पूजन।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 7 एवं 8 में लगभग 30 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इंटरलॉकिंग टाइल्स सड़क निर्माण कार्य का डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने विधिवत भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। सड़क का निर्माण मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा कराया जाएगा।
विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है। नगर क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। इंटरलॉकिंग टाइल्स सड़क के निर्माण से क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी और यह लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करेगा।
वार्ड नंबर 7 के सभासद राजेश भट्ट ने कहा कि यह सड़क वार्ड की एक महत्वपूर्ण मूलभूत आवश्यकता थी, जिसके बनने से स्थानीय लोगों की दैनिक आवाजाही आसान होगी और विकास को गति मिलेगी।
वहीं वार्ड नंबर 8 के सभासद संदीप नेगी ने कहा कि यह सड़क वार्ड के विकास की दिशा में एक अहम कदम है, जिससे क्षेत्रवासियों को स्थायी राहत मिलेगी।
स्थानीय निवासियों ने जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण होने की उम्मीद जताई।
इस मौके पर पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, सभासद ईश्वर रोथान, पुरुषोत्तम डोभाल, पुष्कर नेगी, दीपक चौहान, विक्रम नेगी के अलावा एमडीडीए सहायक अभियंता प्रमोद मेहरा, स्वाति कुनिका रावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं वार्डवासी मौजूद रहे।



