Blog

आईजी राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल निवेदिता कुकरेती ने वाहिनी मुख्यालय का किया निरीक्षण।

मानसून से पूर्व आपदा प्रबंधन तैयारियों और बचाव संसाधनों की समीक्षा।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
आईजी एसडीआरएफ निवेदिता कुकरेती ने शुक्रवार को जॉली ग्रांट राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) वाहिनी मुख्यालय का भ्रमण कर आगामी मानसून सीजन को लेकर आपदा प्रबंधन तैयारियों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान मुख्यालय शाखा, प्रशिक्षण शाखा, संचार शाखा, भंडार शाखा, क्वार्टर गार्द, श्वान दस्ता सहित अन्य इकाइयों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया I

निरीक्षण के समय उपलब्ध बचाव उपकरणों, राहत सामग्री और संसाधनों की स्थिति की जांच की गई तथा उनके नियमित रख-रखाव और त्वरित उपयोग के निर्देश दिए गए। इस दौरान ध्वस्त संरचना खोज एवं बचाव दल द्वारा भूकंप या भवन गिरने जैसी आपदाओं में खोज एवं बचाव की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। टीम ने काटने-तोड़ने के उपकरणों, संरचना भेदन उपकरणों, खोज कैमरा और पीड़ितों को सुरक्षित बाहर निकालने की तकनीकों का अभ्यास प्रस्तुत किया, जिसकी सराहना की गई।

उन्होंने आपदा के समय त्वरित निर्णय, टीम भावना और पेशेवर कार्यशैली को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए नियमित अभ्यासात्मक पूर्वाभ्यास और उन्नत प्रशिक्षण पर जोर दिया गया। मानसून के दौरान संभावित आपदाओं को देखते हुए सभी इकाइयों को सदैव सतर्क और तैयार रहने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और जवानों के साथ संवाद कर उनके अनुभव और सुझाव भी सुने गए। अनुशासन, स्वच्छता और सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली की प्रशंसा करते हुए कार्मिकों का मनोबल बढ़ाया गया।

इस अवसर पर एसडीआरएफ द्वारा तैयार की गई आपदा जागरूकता आधारित कॉमिक पुस्तक का विमोचन भी किया गया, जिसे बच्चों और युवाओं के लिए उपयोगी बताया गया। कार्यक्रम में सेनानायक अर्पण यदुवंशी, सहायक सेनानायक सुशील रावत सहित अन्य अधिकारी और कार्मिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button