राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय विवाद में बड़ा पुलिस एक्शन, (कांग्रेस जिला अध्यक्ष सहित नौ लोग गिरफ्तार, रायवाला कोतवाली ले गई पुलिस)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
रानीपोखरी क्षेत्र में राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की भूमि को लेकर चल रहा विवाद बुधवार को और गहरा गया। प्रशासनिक कार्रवाई के विरोध में जुटे कांग्रेस नेताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की।
पुलिस ने कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहित उनियाल, डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी, प्रधान अध्यक्ष अनूप चौहान, सागर मनवाल, रानीपोखरी न्याय पंचायत प्रधान सुधीर रतूड़ी, महेंद्र भट्ट, शार्दुल नेगी, नीरज मनी तिवारी और नितिन को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस सभी नौ लोगों को रायवाला ले गई और उन्हें रायवाला कोतवाली में रखा गया।
बताया जा रहा है कि प्रशासन द्वारा भूमि की नापजोख और आगे की कार्रवाई की तैयारी के बीच विरोध तेज हो गया था। मौके पर नारेबाजी और हंगामे की स्थिति बन गई, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और राजनीतिक गलियारों में भी इस कार्रवाई को लेकर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।



