उत्तराखंड कांग्रेस जिलाध्यक्षों का प्रतिनिधिमंडल कुमारी शैलजा से मिला, संगठन की मजबूती पर मंथन, (दिल्ली में प्रदेश प्रभारी से भेंट, संगठन की स्थिति, रणनीति और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर हुई चर्चा)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
उत्तराखंड कांग्रेस के जिलाध्यक्षों के एक प्रतिनिधिमंडल ने कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा से दिल्ली स्थित उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की। बैठक के दौरान प्रदेश में संगठन की वर्तमान स्थिति, जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की भूमिका, आगामी रणनीतियों और चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा हुई।
जिलाध्यक्षों ने संगठन को अधिक मजबूत, सक्रिय और कार्यकर्ता-केंद्रित बनाने के लिए अपने सुझाव रखे। साथ ही प्रदेश से जुड़े विभिन्न जनहित और गंभीर मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया। कुमारी शैलजा ने प्रतिनिधिमंडल के सुझावों को गंभीरता से लेते हुए संगठन को सशक्त बनाने के लिए एकजुट होकर समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि संगठन की मजबूती का आधार समर्पित कार्यकर्ता हैं। जमीनी स्तर पर उनकी भागीदारी बढ़ाना और उनकी आवाज शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाना कांग्रेस की प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रस्तुत सुझावों पर सकारात्मक पहल होगी और आने वाले समय में कांग्रेस उत्तराखंड में और अधिक मजबूती के साथ जनता के बीच अपनी भूमिका निभाएगी।
प्रतिनिधिमंडल में देहरादून महानगर कांग्रेस जिलाध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी, रुड़की महानगर कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेंद्र चौधरी, नैनीताल कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल, पिथौरागढ़ कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश पंत और टिहरी कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश राणा शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने संगठनात्मक एकजुटता और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से उत्तराखंड में कांग्रेस के और अधिक सशक्त रूप से उभरने का भरोसा जताया।



