विश्व साइकिल दिवस पर बुल्लावाला में साइकिल रेस, रुद्रा ने जीता प्रथम स्थान, (माय भारत युवा कार्यक्रम के तहत आयोजित प्रतियोगिता में 40 से अधिक युवाओं ने लिया भाग, आशिया परवीन ने किया उत्साहवर्धन)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर माय भारत युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के तत्वावधान में डोईवाला ब्लॉक के बुल्लावाला क्षेत्र में साइकिल रेस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र पंचायत सदस्य आशिया परवीन बतौर अतिथि उपस्थित रहीं।
साइकिल रेस की शुरुआत वार्ड संख्या 1 से हुई, जो वार्ड संख्या 2 और 3 से होते हुए आशिया परवीन के निवास स्थान पर संपन्न हुई। प्रतियोगिता में रुद्रा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उल्लेखनीय है कि रेस के लिए घर से निकलते समय रुद्रा साइकिल से गिरकर घायल हो गया था, लेकिन इसके बावजूद उसने हिम्मत नहीं हारी और प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर सभी को प्रेरित किया। सिद्धार्थ ने द्वितीय तथा सुमित ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
क्षेत्र पंचायत सदस्य आशिया परवीन ने सभी प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें पेन वितरित किए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवा न तो साइकिल चलाते हैं और न ही खेलकूद में सक्रिय रहते हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों को मोबाइल से दूर रखकर खेलकूद के लिए प्रेरित करें, जिससे उनकी शारीरिक गतिविधि बनी रहे।
कार्यक्रम में 40 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर माय भारत भारत सरकार के स्वयंसेवक आसिफ हसन, युवा मंगल दल अध्यक्ष अजय कुमार, वार्ड सदस्य बरसात अली, जावेद हुसैन, हसीन अहमद सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



