Blog

तंबाकू मुक्त ग्राम पंचायतों के निर्माण का संकल्प, श्यामपुर में आयोजित हुआ विशेष जागरूकता कार्यक्रम, (एसआरएचयू, बालाजी सेवा संस्थान और सीएमओ कार्यालय की संयुक्त पहल, ग्राम प्रतिनिधियों को दी गई तंबाकू नियंत्रण की विस्तृत जानकारी)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (हिम्स) जौलीग्रांट के सामुदायिक चिकित्सा विभाग द्वारा बालाजी सेवा संस्थान तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय, देहरादून के सहयोग से ग्रामीण स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र (आरएचटीसी), श्यामपुर में “तंबाकू मुक्त पंचायत कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्राम पंचायतों को तंबाकू मुक्त बनाने की दिशा में जनप्रतिनिधियों एवं समुदाय को जागरूक करना था।
आरएचटीसी श्यामपुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डीन हिम्स डॉ. ए. शरीफ ने ग्राम प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि हिम्स और सामुदायिक चिकित्सा विभाग तंबाकू मुक्त ग्राम पंचायतों के निर्माण के लिए हर संभव सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। डॉ. जयंती सेमवाल ने तंबाकू सेवन से होने वाले स्वास्थ्य दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की, जबकि डॉ. शैली व्यास ने तंबाकू निवारण केंद्र की सेवाओं की जानकारी देते हुए तंबाकू छोड़ने के इच्छुक लोगों के लिए उपलब्ध परामर्श एवं सहायता सुविधाओं के बारे में बताया। डॉ. अभय श्रीवास्तव ने सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा) के विभिन्न प्रावधानों, उद्देश्यों एवं उनके प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी देते हुए सार्वजनिक स्वास्थ्य सुरक्षा में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। इसके बाद सीएमओ कार्यालय की अर्चना उनियाल एवं रेखा उनियाल ने प्रतिभागियों को कोटपा अधिनियम तथा तंबाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थान दिशानिर्देशों की जानकारी दी।
बालाजी सेवा संस्थान की ममता थापा ने तंबाकू मुक्त पंचायतों के लिए आवश्यक मानकों एवं सामुदायिक स्तर पर किए जाने वाले प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी। वहीं अजीत ने सभी प्रतिभागियों को तंबाकू नियंत्रण संबंधी साइनबोर्ड वितरित किए। उन्होंने इन संकेतकों को सार्वजनिक एवं प्रमुख स्थानों पर लगाने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों, ग्राम प्रधानों, पंचायत प्रतिनिधियों, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा संसाधन व्यक्तियों ने तंबाकू मुक्त भारत और तंबाकू मुक्त ग्राम पंचायतों के निर्माण हेतु सामूहिक तंबाकू निषेध शपथ ग्रहण की। साथ ही अपने-अपने क्षेत्रों में तंबाकू नियंत्रण गतिविधियों को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में डॉ. नेहा शर्मा, मेडिकल सोशल वर्कर रीता भट्ट एवं आराधना दूधपुरी सहित बालाजी सेवा संस्थान और सीएमओ कार्यालय के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button