मानवता की सेवा के लिए ‘मदद ब्लड ग्रुप समिति’ सम्मानित।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
विश्व रक्तदाता दिवस के शुभ अवसर पर हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट व परिवर्तन चैरिटेबल ब्लड बैंक ऋषिकेश द्वारा सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में क्षेत्र की सामाजिक संस्था एक मदद ब्लड ग्रुप समिति को उनके द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट एवं निस्वार्थ कार्यों के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। हिमालयन अस्पताल व परिवर्तन ब्लड बैंक द्वारा समिति के पदाधिकारियों को स्मृति चिह्न भेंट कर उनका हौसला बढ़ाया।
संकट काल में ‘मदद’ बनी जीवनदायिनी
परिवर्तन चैरिटेबल ब्लड बैंक ऋषिकेश के प्रबन्धक अमन ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। जब कोई मरीज जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा होता है, तब एक मदद ब्लड ग्रुप समिति के वालंटियर्स एक कॉल पर देवदूत बनकर सामने आते हैं। कोरोना काल से लेकर आज तक इस समिति ने बिना रुके हजारों लोगों की जान बचाई है। समिति के अध्यक्ष शाकिर हुसैन ने कहा कि समिति के स्वयंसेवको द्वारा अब तक हजारों यूनिट रक्त दान किया है। एक मदद ब्लड ग्रुप समिति पिछले कई वर्षों से लगातार क्षेत्र में सक्रिय है। समिति बिना किसी स्वार्थ के मानवता भाव से चौबीसों घंटे जरूरतमंदों को ब्लड और प्लेटलेट्स मुहय्या करवाती है। समिति के सचिव आसिफ हसन ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अंधविश्वास और डर को दूर करने के लिए समिति ने दर्जनों ग्रामीण इलाकों में रक्तदान शिविर लगाए हैं। समिति से जुड़े सैकड़ों युवा खुद नियमित रूप से हर तीन महीने में रक्तदान करते हैं। यह सम्मान हर उस रक्तदाता का है, जिसने रक्तदान करके लोगों को जीवन दान दिया। सम्मान ग्रहण करने के बाद ‘मदद ब्लड ग्रुप समिति’ के सदस्यों ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान पूरी टीम की मेहनत और उन रक्तदाताओं का है जो एक पुकार पर दौड़े चले आते हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे आगे आएं और नियमित रक्तदान को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाएं। इस अवसर पर अध्यक्ष साकिर हुसैन सचिव आशिफ हसन कोषाध्यक्ष शादाब हसन असलम ख़ान योगेश सिंघारी फरहान मलिक राहुल आदि उपस्थित रहे ।



