योग दिवस के मौके पर निकाली योग जागरूकता रैली, स्वस्थ जीवन का दिया गया संदेश, (12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर मेडिकल कॉलेज व विश्वविद्यालय की संयुक्त पहल)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) की पूर्व संध्या हिमालयीय आयुर्वैदिक मेडिकल कॉलेज एवं स्पर्श हिमालय विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आम जनमानस को योग के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से योग जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
रैली का शुभारंभ मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर जी.एस. इंदौरिया एवं विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति प्रोफेसर राकेश सुन्द्रियाल ने हरी झंडी दिखाकर किया। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की एक प्रभावी जीवनशैली है, जिसे प्रत्येक व्यक्ति को अपनी दिनचर्या में अपनाना चाहिए।
योग जागरूकता रैली कॉलेज परिसर से प्रारंभ होकर क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः परिसर में आकर संपन्न हुई। रैली में शामिल शिक्षकों, प्रशासनिक स्टाफ, छात्र-छात्राओं एवं इंटर्न प्रशिक्षुओं ने हाथों में योग संदेश लिखी तख्तियां लेकर लोगों को प्रतिदिन योग करने के लाभ बताए। इस दौरान आमजन को शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक शांति, तनाव मुक्ति और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में योग की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई।
रैली में मौजूद प्रतिभागियों ने सभी नागरिकों से 21 जून को लेखक गांव थानों परिसर में आयोजित मुख्य योगाभ्यास कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सहभागिता करने का आह्वान किया।
आयोजन को सफल बनाने में स्वस्थवृत्त विभाग के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर निशांत राय जैन, डॉ. भाग्यलक्ष्मी तथा विश्वविद्यालय के योग विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. विपिन भट्ट, डॉ. आशीष डोभाल एवं डॉ. गजानंद का विशेष योगदान रहा। इसके अलावा प्रशासनिक व्यवस्थाओं में परिसर निदेशक डॉ. प्रदीप कोठियाल के साथ स्टाफ सदस्य जितेंद्र कुमार, नवीन पोखरियाल, राकेश सैनी, जीवन, अमरजीत सिंह, अंकित एवं हेमंत सहित अन्य कर्मचारीगण भी सक्रिय रूप से मौजूद रहे।



