Blog

मानसून और कांवड़ यात्रा से पहले एसडीआरएफ अलर्ट- अर्पण यदुवंशी, (आपदा प्रबंधन को लेकर प्रशासन, पुलिस व सहयोगी एजेंसियों के साथ समन्वय के निर्देश)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय में सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेशभर में तैनात एसडीआरएफ पोस्टों तथा वाहिनी मुख्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों का मासिक सम्मेलन लिया। सम्मेलन में आगामी मानसून सत्र और कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर की जा रही तैयारियों की समीक्षा की गई।

सम्मेलन के दौरान विभिन्न पोस्टों पर तैनात अधिकारियों व कार्मिकों की व्यक्तिगत और सामूहिक समस्याएं सुनी गईं। सेनानायक ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश देते हुए कार्मिकों के कल्याण, अनुशासन और कार्यक्षमता को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
आगामी मानसून को संवेदनशील अवधि बताते हुए सभी इकाइयों को 24×7 ऑपरेशनल मोड में रहने के निर्देश दिए गए। भूस्खलन, अतिवृष्टि, बाढ़ तथा नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि जैसी संभावित आपदाओं से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।

कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त मानव संसाधन, बचाव उपकरण, संचार व्यवस्था और वाहनों की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही जिला प्रशासन, स्थानीय प्रशासन, पुलिस तथा अन्य सहयोगी एजेंसियों के साथ निरंतर समन्वय बनाकर कार्य करने को कहा गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।

सम्मेलन में उप सेनानायक शुभांक रतूड़ी, सहायक सेनानायक राजेन्द्र सिंह रावत, शिविरपाल प्रमोद रावत, निरीक्षक (संचार) राम गोपाल, सूबेदार मेजर योगेंद्र भंडारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रदेशभर में तैनात सभी एसडीआरएफ पोस्टों के प्रभारी अधिकारी और कर्मचारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सम्मेलन से जुड़े रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button