माजरी ग्रांट में गुलदार का बढ़ता आतंक, बाल कुंवारी में कुत्ते और शेरगढ़ में गाय को बनाया निवाला, (लगातार दो घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत, प्रधान निशा देवी ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की उठाई मांग; वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
माजरी ग्रांट क्षेत्र में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते कुछ दिनों में बाल कुंवारी और शेरगढ़ में हुई दो अलग-अलग घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। पहले बाल कुंवारी की गोरखा बस्ती में देर रात गुलदार घर के बाहर से एक पालतू कुत्ते को उठा ले गया, वहीं अब शेरगढ़ में गुलदार ने गुर्जर ईशा की गाय को अपना निवाला बना लिया। लगातार हो रही इन घटनाओं से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
बाल कुंवारी की घटना की सूचना मिलते ही ग्राम पंचायत सदस्य हरविंदर कौर तथा भाजपा मंडल उपाध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता राजीव सिंह मौके पर पहुंचे और वन विभाग को सूचना दी। इसके बाद वन विभाग की टीम और बीट अधिकारी रीना ने घटनास्थल एवं आसपास के जंगल का निरीक्षण किया। वहीं शेरगढ़ में गाय के शिकार की सूचना मिलने पर भी वन विभाग ने मौके का निरीक्षण कर ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही गुलदार की गतिविधियों से पशुधन के साथ-साथ लोगों की सुरक्षा पर भी खतरा मंडरा रहा है। शाम ढलने के बाद लोग घरों से बाहर निकलने से भी डर रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रभावित क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने और गुलदार की निगरानी के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
माजरी ग्रांट की प्रधान निशा देवी ने कहा कि लगातार हो रही घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। वन विभाग को प्रभावित क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाकर ग्रामीणों और उनके पशुधन की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने लोगों से भी सतर्क रहने और बच्चों व पालतू पशुओं पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
बड़कोट रेंज अधिकारी गणेश उनियाल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण किया है। प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है तथा गश्त भी तेज की जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि रात के समय अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें, पालतू पशुओं को खुले में न छोड़ें और गुलदार की कोई भी गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।



