Blog

गुरु पूर्णिमा पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, गुरुदेव स्वामी राम को भावभीनी श्रद्धांजलि, (साधना मंदिर, स्वामी राम साधक ग्राम और एसआरएचयू जौलीग्रांट में गुरु पूजन समारोह) (देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं ने हवन-पूजन कर अर्पित की श्रद्धांजलि)

खबर को सुनें

डोईवाला ऋषिकेश (राजेंद्र वर्मा):
गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर वीरभद्र स्थित साधना मंदिर आश्रम, स्वामी राम साधक ग्राम एवं स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय (एसआरएचयू), जौलीग्रांट में भव्य गुरु पूजन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हिमालयन इंस्टीट्यूट हॉस्पिटल ट्रस्ट (एचआईएचटी) के संस्थापक ब्रह्मलीन गुरुदेव डॉ. स्वामी राम को देश-विदेश से आए शिष्यों एवं श्रद्धालुओं ने श्रद्धासुमन अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
बुधवार को आयोजित गुरु पूर्णिमा के अंतिम दिवस के कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 7:00 बजे गुरु वंदना से हुआ। इसके पश्चात पंचांग पूजा, श्री गुरु पूजा , पूर्णाहुति, गुरु गीता पाठ की पूर्णता के बाद आरती संपन्न हुई। कार्यक्रम के समापन पर 9:30 बजे प्रसाद एवं आशीर्वाद वितरित किया गया। पूरे समारोह के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार, हवन एवं पूजा-अर्चना से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
समारोह में स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय के अध्यक्ष डॉ. विजय धस्माणा, स्वामी राम साधक ग्राम के प्रमुख स्वामी ऋतवान भारती जी, डॉ. विजेंद्र चौहान तथा डॉ. प्रकाश केशवया ने गुरुदेव डॉ. स्वामी राम के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इस अवसर पर अध्यक्ष डॉ. विजय धस्माणा ने कहा कि गुरुदेव स्वामी राम ने अपना संपूर्ण जीवन मानवता, गुरु परंपरा और जनसेवा को समर्पित किया। उनके और उनके शिष्यों के संबंधों की नींव ज्ञान, मौलिक चिंतन, नैतिक मूल्यों तथा शिष्यों के प्रति उनके निःस्वार्थ स्नेह पर आधारित थी। उन्होंने कहा कि स्वामी राम का जीवन सेवा, साधना और समर्पण का अद्वितीय उदाहरण है, जो आज भी लाखों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
समारोह के अंत में श्रद्धालुओं ने गुरुदेव से जुड़े अपने आध्यात्मिक अनुभव साझा किए तथा उनके बताए सेवा, साधना और आत्मबोध के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर आश्रम प्रबंधक डॉ. राहुल बलूनी सहित आश्रम से जुड़े ट्रस्टी, विश्वविद्यालय के अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्वामी राम के शिष्य एवं अनुयायी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button