वित्तीय रूप से जागरूक और डिजिटल रूप से सक्षम बनें युवा। सिद्धार्थ वासन (यंग इंडियंस ने विद्यार्थियों को बचत, निवेश, ऑनलाइन लेनदेन और साइबर ठगी से बचाव के बताए उपाय)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
यंग इंडियंस देहरादून चैप्टर की ओर से पब्लिक इंटर कॉलेज डोईवाला में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए वित्तीय एवं डिजिटल साक्षरता सत्र आयोजित किया गया। विद्यार्थियों को बचत, निवेश, डिजिटल भुगतान में सावधानी, ओटीपी की गोपनीयता और ऑनलाइन ठगी से बचाव की जानकारी दी गई।
ग्रामीण क्षेत्र के सह-अध्यक्ष सिद्धार्थ वासन ने कहा कि युवाओं को कम उम्र से वित्तीय अनुशासन और डिजिटल सुरक्षा की जानकारी देना समय की जरूरत है। इससे विद्यार्थी स्वयं के साथ अपने परिवार को भी साइबर ठगी से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
सह-अध्यक्ष दृष्टि जैन ने कहा कि डिजिटल सुविधाओं के बढ़ते इस्तेमाल के साथ विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा की जानकारी होना जरूरी है। जागरूकता के माध्यम से उन्हें सुरक्षित और जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रधानाचार्य अंकित डोबरियाल ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए वित्तीय एवं डिजिटल साक्षरता बेहद उपयोगी है। ऐसे कार्यक्रम उन्हें ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाने और भविष्य में बेहतर वित्तीय निर्णय लेने में मददगार साबित होंगे।
कार्यक्रम में पार्षद गौरव मल्होत्रा, विद्यालय के शिक्षक और यंग इंडियंस के पदाधिकारी मौजूद रहे।



