Blog

किसानों की मांगों को लेकर गन्ना समिति से निकली ट्रैक्टर रैली, तहसील में शुरू हुआ तीन दिवसीय धरना। (भारतीय किसान यूनियन टिकैत ने 11 सूत्रीय मांगों को लेकर किया प्रदर्शन, प्रदेश प्रभारी उषा तोमर)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
किसानों की विभिन्न समस्याओं और 11 सूत्रीय मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन टिकैत की ओर से शुक्रवार को गन्ना समिति से ट्रैक्टर रैली निकाली गई। बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टरों के साथ रैली में शामिल हुए। रैली गन्ना समिति से शुरू होकर तहसील परिसर पहुंची, जहां किसानों ने तीन दिवसीय धरना प्रदर्शन शुरू किया। इस दौरान किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई।
किसान यूनियन की प्रमुख मांगों में फार्मर रजिस्ट्री प्रक्रिया जल्द पूरी कराने, किसानों को सरकारी योजनाओं, सब्सिडी और अन्य लाभ दिलाने, तहसीलों में अवैध वसूली बंद करने तथा लंबे समय से लंबित सीमांकन और दाखिल-खारिज के मामलों का शीघ्र निस्तारण शामिल रहा। संगठन ने भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी में लिप्त कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी उठाई।
किसानों ने सिंचाई ट्यूबवेलों की बिजली निशुल्क करने, नहरों की सफाई कराने, सिंचाई शुल्क माफ करने, नहरों में गंदा पानी डालने वालों पर कार्रवाई, किसानों का कर्ज माफ करने और घरेलू उपयोग के लिए 300 यूनिट तक निशुल्क बिजली देने की मांग की। इसके अलावा सोलर पैनल सब्सिडी योजना बहाल करने और स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक लगाने की मांग भी की गई।
यूनियन ने टोल प्लाजा पर अवैध वसूली बंद कर स्थानीय लोगों को 20 किलोमीटर तक टोल मुक्त करने, किसानों के गन्ने का भाव महंगाई को देखते हुए 700 रुपये प्रति क्विंटल करने, वर्षों से काबिज किसानों को भूमि का वैधानिक अधिकार देने और ग्रामीण क्षेत्रों में रह रहे किसानों को पक्के मकान उपलब्ध कराने की मांग उठाई।

भारतीय किसान यूनियन टिकैत की प्रदेश प्रभारी उषा तोमर ने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर संगठन लगातार संघर्ष कर रहा है। सरकार को किसानों की 11 सूत्रीय मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द निर्णय लेना चाहिए। किसानों की आवाज को अनदेखा किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

परवादून जिला अध्यक्ष सरदार परमजीत सिंह ने कहा कि किसानों की जायज मांगों को लेकर ट्रैक्टर रैली निकालकर तहसील में तीन दिवसीय धरना शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि किसानों की मांगों का समाधान होने तक संगठन मजबूती से संघर्ष जारी रखेगा।
प्रदर्शन में जिला उपाध्यक्ष खालिद, सागर मनवाल संरक्षक गुरदीप सिंह प्रधान , करनैल सिंह,रणवीर सिंह, सुनील, रविंद्र सिंह, विनोद अंकित महेंद्र सिंह अजीत सिंह, गुरदीप सिंह आदि किसान मौजूद रहे I

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button