(11 सूत्रीय मांगों को लेकर भाकियू का जिला मुख्यालय में प्रदर्शन राष्ट्रपति के नाम भेजा ज्ञापन)
डोईवाला देहरादून (राजेंद्र वर्मा):
किसानों की विभिन्न समस्याओं और 11 सूत्रीय मांगों को लेकर किसानों ने जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर किसानों ने मुख्य मार्ग से रैली निकालकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की और जिलाधिकारी देहरादून के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भेजा।
इस मौके पर भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह खालसा ने कहा कि किसान लंबे समय से अपनी मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं, लेकिन कई मामलों में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर बीज-खाद उपलब्ध कराने के साथ सिंचाई और बिजली से जुड़ी समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाना चाहिए।
गन्ना समिति के उपाध्यक्ष हरभजन सिंह व पूर्व ब्लाक प्रमुख अश्वनी बहुगुणा ने कहा कि किसानों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उनका कर्ज माफ किया जाना चाहिए। साथ ही किसानों को घरेलू उपयोग के लिए 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली, ट्यूबवेल की बिजली निशुल्क करने और सिंचाई शुल्क माफ करने की दिशा में सरकार को ठोस निर्णय लेना चाहिए।
पछवादून जिलाध्यक्ष राजू तोमर व महानगर अध्यक्ष रवि सैनी ने कहा कि गन्ने का भाव बढ़ाकर 700 रुपये प्रति कुंतल किया जाए तथा वर्षों से भूमि पर काबिज किसानों को मालिकाना हक दिया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जाना जरूरी है।
ज्ञापन में फार्मर रजिस्ट्री रजिस्ट्रेशन पोर्टल को सरल बनाने, तहसीलों में किसानों और आम जनता के लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण, नहरों की सफाई, नहरों में गंदा पानी डालने वालों पर कार्रवाई, सोलर पैनल सब्सिडी योजना बहाल करने तथा स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक लगाने समेत विभिन्न मांगें उठाई गईं। किसानों ने दलितों के उत्पीड़न और अपमान पर रोक लगाने की मांग भी की।
इस दौरान गढ़वाल मंडल अध्यक्ष संजय चौधरी, ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह, अमीर सिंह, पछवादून जिलाध्यक्ष राजू तोमर, राव शौकीन, हरभजन सिंह, रणजीत सिंह, सरजीत सिंह, अनूप कुमार, यूसुफ, जगवीर शर्मा, केके गौतम, श्याम सिंह, अजीत सिंह प्रिंस, मो. इस्माइल, विजय बख्शी, एसपी सिंह, जरनैल सिंह समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।



