खेलों से निखरती है बच्चों की प्रतिभा। विधायक बृजभूषण गैरोला। (24वीं ब्लॉक स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को किया सम्मानित)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
माध्यमिक शिक्षा उत्तराखंड की ओर से आयोजित विकासखंड डोईवाला की 24वीं ब्लॉक स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2026 का शुभारंभ रा. क.उ. मा सुनार गांव में हुआ। मुख्य अतिथि विधायक बृजभूषण गैरोला ने दीप प्रज्ज्वलित कर और हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
प्रतियोगिता में विकासखंड डोईवाला के 30 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इस दौरान खिलाड़ियों ने विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विधायक गैरोला ने प्रतिभागी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित किया।
विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, धैर्य और टीम भावना जैसे गुण विकसित होते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करना चाहिए और अपनी प्रतिभा को निखारना चाहिए।
उन्होंने सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल के मैदान में जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना और निरंतर प्रयास है।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष पंकज शर्मा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विक्रम सिंह नेगी, सभासद प्रदीप नेगी, सभासद ईश्वर रौथान, सभासद पुष्कर नेगी, ग्राम पंचायत प्रधान निशा देवी, प्रधानाचार्य भानु प्रकाश कुकरेती, प्रधानाचार्य ज्योत्सना सहित शिक्षक, छात्र-छात्राएं और स्थानीय लोग मौजूद रहे।



