हनुमान ध्वज शोभायात्रा के साथ रामलीला की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार। (नागराजा मंदिर से रामलीला मैदान तक निकली शोभायात्रा, क्षेत्रवासियों से आयोजन में पहुंचने की अपील)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
अठूरवाला सांस्कृतिक मंच की ओर से आयोजित होने वाली द्वितीय रामलीला को लेकर क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल है। रामलीला के आयोजन से पहले श्री हनुमान ध्वज शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा प्राचीन श्री नागराजा मंदिर से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए मोलधार रामलीला मैदान पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान जगह-जगह स्थानीय लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने भगवान हनुमान के जयकारे लगाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
अठूरवाला सांस्कृतिक मंच की ओर से रामलीला का मंचन 24 अक्टूबर से शुरू होकर 3 नवंबर तक चलेगा। आयोजन को लेकर मंच के पदाधिकारी और कलाकार तैयारियों में जुटे हैं। रामलीला के माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों, आदर्शों और मर्यादा का संदेश लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
मंच के अध्यक्ष पुरुषोत्तम डोभाल ने कहा कि रामलीला भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है। भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, त्याग, कर्तव्य और मर्यादा का संदेश देता है। रामलीला के आयोजन का उद्देश्य इन आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना है।
रामलीला निर्देशिका डॉ. ममता कुंवर ने कहा कि रामलीला के मंचन के माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़ी शिक्षाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाता है। कलाकार पूरी मेहनत और समर्पण के साथ तैयारियों में जुटे हैं, ताकि दर्शकों को रामलीला के विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से धार्मिक और सांस्कृतिक संदेश मिल सके।
शोभायात्रा में पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, महासचिव करतार सिंह नेगी, शहर सचिव बालेंद्र सजवान, संजय चमोली, राजेश कुंवर,केंद्रपाल सिंह तोपवाल, गीता बिष्ट, ममता, बीना नेगी, शिवानी चमोली, मधु डोभाल, राजकुमारी, धर्मवीर, विमल विमल, माधव प्रसाद पेटवाल, विमला आदि श्रद्धालु मौजूद रहे।



