आपदा के समय संकटमोचक बनेंगे युवा आपदा मित्र, एसडीआरएफ का सात दिवसीय प्रशिक्षण पूरा। (46 युवाओं को सिखाए राहत एवं बचाव के गुर, सात महिलाएं भी हुईं प्रशिक्षित)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय जौलीग्रांट में 26 अक्टूबर से एक नवंबर तक आयोजित युवा आपदा मित्रों का सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम रविवार को सम्पन्न हो गया। प्रशिक्षण में 46 युवाओं ने प्रतिभाग किया, जिनमें 39 पुरुष और सात महिलाएं शामिल रहीं।
प्रशिक्षण के दौरान एसडीआरएफ के कुशल जवानों ने युवाओं को आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार, खोज एवं बचाव तकनीक और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया का सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। युवाओं को आपदा के समय सुरक्षित तरीके से राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने के तरीके भी सिखाए गए।
इस प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को आपदा के प्रति जागरूक और सक्षम बनाना है, ताकि वे अपने क्षेत्रों में आपदा के समय प्राथमिक स्तर पर जरूरतमंदों की सहायता कर सकें और बचाव दलों के सहयोगी बन सकें।
सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने कहा कि आपदा के समय स्थानीय लोगों की जागरूकता और सहभागिता बेहद महत्वपूर्ण होती है। प्रशिक्षित युवा शुरुआती समय में राहत एवं बचाव कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। एसडीआरएफ की ओर से भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को आपदा प्रबंधन के लिए तैयार किया जाएगा।



