मिलिट्री इक्विपमेंट ने हर्षोल्लास से मनाया दीपावली उत्सव। (चार सिलाई मशीनों से शुरू हुआ मिलिट्री इक्विपमेंट का सफर आज अनेक परिवारों को दे रहा आत्मनिर्भरता की राह)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
मिलिट्री इक्विपमेंट, माजरी के तत्वावधान में दीपावली उत्सव समारोह हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ आयोजित किया गया। समारोह में सेवानिवृत्त कर्नल अजय कोठियाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने संस्थान के संस्थापक एवं सेवानिवृत्त कमांडो विनोद कुमार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी जीवन यात्रा समाज के लिए प्रेरणादायी है।

कर्नल कोठियाल ने कहा कि एक सैनिक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता, केवल उसकी सेवा का स्वरूप बदलता है। राष्ट्रसेवा का संकल्प कभी सेवानिवृत्त नहीं होता। संस्थापक विनोद कुमार ने चार सिलाई मशीनों से जिस सफर की शुरुआत की थी, वह आज अनेक परिवारों के जीवन में रोजगार, आत्मनिर्भरता और स्वावलंबन का उजाला फैला रहा है। यह पहल सैनिकों के अनुशासन, समर्पण और सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है।
इस अवसर पर संस्थान के संस्थापक सेवानिवृत्त कमांडो विनोद कुमार ने कहा कि मिलिट्री इक्विपमेंट की स्थापना के पीछे उनका उद्देश्य केवल एक व्यवसाय खड़ा करना नहीं, बल्कि लोगों को रोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। चार सिलाई मशीनों से शुरू हुआ यह प्रयास आज एक सामूहिक परिवार का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि संस्थान की प्रगति में कर्मचारियों, सहयोगियों और पूर्व सैनिकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। भविष्य में भी रोजगार के नए अवसर सृजित करने और समाज के जरूरतमंद लोगों को आगे बढ़ाने के लिए प्रयास जारी रहेंगे।
कार्यक्रम में कर्नल वी.सी. चौहान, कैप्टन भगत सिंह राणा, कैप्टन जगमोहन सिंह बिष्ट, कैप्टन चित्रा सिंह रावत, कैप्टन बलवंत सिंह एवं सैन सिंह पंवार ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए संस्थान की प्रगति और सामाजिक सरोकारों की सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन अंकित तिवारी ने किया। समारोह के समापन पर उपस्थित सभी लोगों को मिठाई एवं उपहार भेंट कर दीपावली की शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर रंजना देवी, अभिषेक, अनेक पूर्व सैनिक एवं मिलिट्री इक्विपमेंट के कर्मचारी उपस्थित रहे।



