‘केलवा के पात पर उगेलन सूरजमल’ गीत से गूंजे छठ पूजा के घाट। (छठी मैया की आराधना में लीन दिखे व्रती, जल में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य, पारंपरिक गीतों से भक्तिमय हुआ माहौल)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार को डोईवाला के केशवपुरी और राजीव नगर स्थित घाट छठी मैया के पारंपरिक भजनों और लोकगीतों से गूंज उठे। शाम होते ही बड़ी संख्या में व्रती और श्रद्धालु पूजा सामग्री से सजी डलिया लेकर घाटों पर पहुंचे। घाटों पर छठ पूजा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। व्रतियों ने माथे पर तिलक लगाकर जल में खड़े होकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस दौरान घाटों पर ‘केलवा के पात पर उगेलन सूरजमल झांके-झांके’ और ‘कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए’ जैसे प्रसिद्ध पारंपरिक छठ गीत गूंजते रहे। छठी मैया के भजनों और लोकगीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। व्रती महिलाएं पारंपरिक तरीके से पूजा करती नजर आईं। पूजा की डलियों में फल, फूल, गन्ना, नारियल और अन्य पूजन सामग्री सजाई गई थी। श्रद्धालुओं ने सूर्यदेव को अर्घ्य देकर छठी मैया से परिवार की खुशहाली, संतान की दीर्घायु और सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।
छठ पर्व के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। परिवार के अन्य सदस्य भी व्रतियों के साथ पूजा में शामिल हुए और परंपराओं का निर्वहन किया। छठी मैया के जयकारों और पारंपरिक गीतों ने पर्व की धार्मिक छटा को और खास बना दिया।
इस मौके पर विधायक बृजभूषण गैरोला, दर्जाधारी धीरेंद्र सिंह पवार,ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह चौधरी, पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने सभी श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छठ पर्व लोक आस्था, सूर्य उपासना और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। यह पर्व परिवार और समाज को आपसी प्रेम, एकता और भाईचारे के सूत्र में बांधने का संदेश देता है।
चार दिवसीय छठ महापर्व के आज अंतिम दिन सोमवार सुबह व्रती उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देंगे। इसके साथ ही छठी मैया की पूजा संपन्न होगी और व्रती 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण करेंगे। इस मौके पर अवधेश कुमार, राजेश कुमार,प्रभुनाथ,नागेन्द्र पांडे, जयप्रकाश,मनीष कुमार,गणेश यादव, अमरेश यादव, आलोक यादव, अनुज कुमार, आशीष, अमित,भारत भूषण कौशल आदि सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद थे।



