Blog

श्रमिक प्रदेश के विकास की महत्वपूर्ण कड़ी। गैरोला (माजरी ग्रांट में श्रमिक कल्याण योजनाओं के कैंप का विधायक ने किया शुभारंभ, 1000 से अधिक पंजीकृत श्रमिकों को लाभ पहुंचाने की पहल)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
श्रमिक प्रदेश के विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण और जीवन स्तर में सुधार करना सरकार की प्राथमिकता है। यह बात बुधवार को माजरी ग्रांट, लालतप्पड़ में आयोजित श्रमिक कल्याण योजनाओं के कैंप के शुभारंभ अवसर पर विधायक बृजभूषण गैरोला ने कही।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की ओर से आयोजित कैंप का शुभारंभ विधायक ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। इस दौरान 1200 से अधिक पंजीकृत श्रमिकों को योजनाओं से लाभान्वित करने की पहल की गई। श्रमिकों को स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षण सामग्री के तीन प्रकार के किट वितरित किए गए। साथ ही श्रमिकों और उनके परिवारों की स्वास्थ्य जांच भी की गई।

विधायक गैरोला ने कहा कि मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य योजना, मुख्यमंत्री पोषण सामग्री योजना, मुख्यमंत्री शिक्षण सामग्री योजना और मुख्यमंत्री स्वच्छता सामग्री योजना के माध्यम से श्रमिक परिवारों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि कोई भी पात्र श्रमिक जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे।

ग्राम प्रधान निशा देवी ने कहा कि श्रमिकों के लिए इस तरह के शिविर आयोजित होना सराहनीय पहल है। इससे जरूरतमंद श्रमिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर मिल रहा है। स्वास्थ्य जांच और सामग्री किट वितरण से श्रमिक परिवारों को काफी सहायता मिलेगी।

इस अवसर पर श्रम विभाग के निरीक्षक आनंद शेखर, सांसद प्रतिनिधि राजकुमार राज, गुरजीत लाडी, पंकज रावत, हरविंदर कौर, मंगल सिंह, प्रताप बस्सी,महेंद्र सिंह, गुरजीत कौर, मुकेश कुमार, जैनब खातून और दिवेश सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button