भ्रष्टाचार के विरोध में कांग्रेस ने जुटाए दो हजार हस्ताक्षर, 26 को राजभवन कूच। (डोईवाला से एकत्रित हस्ताक्षरयुक्त प्रपत्र और बैनर प्रदेश कांग्रेस संगठन महामंत्री को सौंपे)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री और मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने अपना विरोध तेज कर दिया है। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आह्वान पर प्रदेशभर में चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान के तहत डोईवाला नगर से दो हजार हस्ताक्षर एकत्रित किए गए हैं।
नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन महामंत्री राजेंद्र भंडारी को दो हजार हस्ताक्षरयुक्त प्रपत्र और अभियान का बैनर सौंपा।
जिला अध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिए। कांग्रेस जनता की आवाज बनकर इस मुद्दे को मजबूती से उठाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेगी।
नगर अध्यक्ष करतार सिंह नेगी ने कहा कि डोईवाला नगर से दो हजार लोगों ने हस्ताक्षर अभियान में भागीदारी की है। 26 नवंबर को राजभवन मार्च के माध्यम से प्रदेश सरकार के खिलाफ जनता की आवाज बुलंद की जाएगी।
उन्होंने बताया कि 26 नवंबर को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल और उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से राजभवन तक मार्च निकाला जाएगा। इस दौरान प्रदेशभर से एकत्रित हस्ताक्षरयुक्त दस्तावेज राज्यपाल को सौंपे जाएंगे।
इस मौके पर कांग्रेस सेवा दल के जिला अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक सुनील बर्मन सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।



