Blog

स्वच्छता के प्रति ग्रामीणों को किया जागरूक, घरों में गीला-सूखा कचरा अलग रखने की अपील। (सिमलास ग्रांट में स्वच्छता अभियान के तहत ग्रामीणों को वितरित किए कचरा संग्रहण पात्र, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
ग्राम पंचायत सिमलास ग्रांट में स्वच्छ गांव, स्वच्छ शहर और स्वच्छ भारत के संकल्प के साथ स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्राम प्रधान सुषमा बोरा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के लिए कचरा संग्रहण पात्र वितरित किए गए। साथ ही कचरे के उचित निस्तारण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

इस मौके पर पर्यावरण प्रेमी दरपान बोरा ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। घरों से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्र करने की आदत अपनाकर पर्यावरण को प्रदूषित होने से बचाया जा सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान को धरातल पर सफल बनाने के लिए जरूरी है कि हर व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी समझे और निस्वार्थ भाव से स्वच्छता के प्रयासों में भागीदारी करे।

ग्राम प्रधान सुषमा बोरा ने कहा कि पंचायत की ओर से शुरू की गई यह पहल गांव को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ग्रामीणों के सहयोग से अभियान को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता की शुरुआत घर से होती है और सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ गांव का सपना साकार हो सकता है।

इस दौरान पूर्व प्रधानाचार्य जितेंद्र कुमार, विनोद पाल, अमित, धन सिंह, उमेद बोरा गुलाब लोधी सहित ग्राम पंचायत के सदस्य और ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button