प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं का महिलाओं को मिल रहा है लाभ। नेगी
महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के उद्देश्य से
अठूरवाला में आयोजित कार्यक्रम में पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को स्वरोजगार अपनाने का आवाहन किया। उन्होंने कहा कि महिला शक्ति समाज की रीढ़ है और यदि महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत होंगी तो परिवार और समाज दोनों विकास की ओर बढ़ेंगे।
नेगी ने कहा कि प्रत्येक महिला तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचना चाहिए ताकि कोई भी वंचित न रह सके। उन्होंने महिलाओं को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, स्टार्टअप इंडिया, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, महिला कौशल विकास कार्यक्रम तथा स्वरोजगार प्रशिक्षण योजनाओं से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पालिका प्रशासन हर संभव सहयोग करेगा।
पालिकाध्यक्ष नरेंद्र नेगी ने महिलाओं की समस्याएं भी सुनीं। महिलाओं ने रोजगार के अवसर, विपणन सुविधा, स्वरोजगार प्रशिक्षण और योजनाओं की जानकारी समय पर न मिलने जैसी कठिनाइयों को साझा किया। इस पर नेगी ने कहा कि इन मुद्दों का समाधान प्राथमिकता पर किया जाएगा। इस मौके पर विनीता पैन्यूली,आशा खाती,मंजू मखलोगा, शारदा नौटियाल,विनीता भट्ट,मीना रावत,ममता मखलोगा, मोनिका रावत,कुसुम लामा, कुसुम थपलियाल, पुष्पा काला आदि मौजूद रहे।



