डोईवाला में तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का शुभारंभ, पहले दिन 545 से अधिक लोगों ने कराया पंजीकरण। (विधायक बृजभूषण गैरोला ने किया उद्घाटन, 268 मरीजों की विशेषज्ञ चिकित्सकों ने की निशुल्क जांच)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोईवाला में शुक्रवार को सेवा सप्ताह के अंतर्गत 12 जुलाई तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का शुभारंभ डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने किया। शिविर के पहले दिन ही 545 से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया, जबकि 268 मरीजों की विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच कर उन्हें परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया।
शिविर में फिजिशियन, स्त्री रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ, सर्जन, नाक-कान-गला विशेषज्ञ, दंत रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ तथा नेत्र सर्जन द्वारा मरीजों की जांच की गई। मरीजों को नि:शुल्क दवाइयां वितरित की गईं। साथ ही आयुष्मान कार्ड एवं आभा आईडी बनाने की सुविधा उपलब्ध कराई गई तथा ब्लड शुगर, ईसीजी सहित अन्य आवश्यक जांचें भी नि:शुल्क की गईं।
विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि राज्य सरकार आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। ऐसे विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद लाभकारी हैं। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराने और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
सिविल जज सांची अग्रवाल ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में इस प्रकार के चिकित्सा शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से आमजन, विशेषकर जरूरतमंद लोगों को काफी राहत मिलती है। उन्होंने लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने कहा कि सेवा सप्ताह के तहत आयोजित इस शिविर का उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि पहले दिन बड़ी संख्या में लोगों ने शिविर का लाभ उठाया और आगामी दो दिनों में भी अधिक से अधिक मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी।
इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. के.एस. भंडारी, पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, भाजपा मंडल अध्यक्ष पंकज शर्मा, महामंत्री आदेश पवार, विक्रम नेगी, आशुतोष पवार, स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।


