खड़गे के मंच शुद्धिकरण मामले में कांग्रेस सेवा दल ने सौंपा ज्ञापन। (सेवा दल ने आरोपियों की गिरफ्तारी और एससी-एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग की)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस सेवा दल ने शुक्रवार को डोईवाला तहसील पहुंचकर जिलाध्यक्ष हेमा पुरोहित के नेतृत्व में जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद मंच का शुद्धिकरण किए जाने की घटना की कड़ी निंदा की गई।
सेवा दल पदाधिकारियों ने कहा कि इस तरह की घटना अनुसूचित जाति समाज का अपमान है और इससे समाज में छुआछूत तथा वैमनस्य जैसी कुरीतियों को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने घटना को अंजाम देने वाले लोगों की तत्काल गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की मांग की।
जिलाध्यक्ष हेमा पुरोहित ने कहा कि किसी व्यक्ति की जाति के आधार पर उसके बैठने या सभा करने के स्थान का शुद्धिकरण करना सामाजिक भेदभाव को बढ़ावा देने वाला कृत्य है। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि समाज में समानता और भाईचारे का संदेश कायम रहे।
नगर अध्यक्ष करतार नेगी ने कहा कि संविधान सभी नागरिकों को समान अधिकार देता है। जातिगत भेदभाव और छुआछूत को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान बालेंद्र सिंह सजवान, सरदुल सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।



