श्रद्धालुओं की सुरक्षा में मुस्तैद एसडीआरएफ कार्मिकों का सम्मान। (कांवड़ मेला में सराहनीय ड्यूटी निभाने पर दिए प्रशस्ति पत्र, सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने बढ़ाया जवानों का हौसला)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
कांवड़ मेला के सफल एवं सुरक्षित आयोजन में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता के लिए उत्कृष्ट ड्यूटी करने वाले एसडीआरएफ उत्तराखंड पुलिस के अधिकारियों एवं कार्मिकों को सम्मानित किया गया। वाहिनी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।
कांवड़ मेले के दौरान एसडीआरएफ अधिकारियों एवं कार्मिकों को विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया था। जवानों ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में पूरी तत्परता, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता के लिए एसडीआरएफ की टीमें लगातार मुस्तैद रहीं।
सम्मानित होने वाले कार्मिकों में इंस्पेक्टर कवींद्र सजवाण, सब इंस्पेक्टर आशीष त्यागी, एडिशनल सब इंस्पेक्टर आशिक अली, कॉन्स्टेबल नितेश खेतवाल सहित अन्य अधिकारी एवं कार्मिक शामिल रहे।
इस अवसर पर सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने सम्मानित कार्मिकों की कर्तव्यनिष्ठा, तत्परता और सेवा भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेला जैसे बड़े आयोजन में लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। एसडीआरएफ कार्मिकों ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में जिस समर्पण और सजगता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया, वह सराहनीय है।
उन्होंने सभी सम्मानित कार्मिकों को भविष्य में भी इसी सेवा भावना, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।



