विधायक के निर्देश भी बेअसर, विभागों की खींचतान में फंसे छह गांवों का संपर्क। (10 दिन बाद भी नहीं बनी अस्थायी पुलिया, उफनते खाले को पार कर जान जोखिम में डालने को मजबूर ग्रामीण)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला विधानसभा क्षेत्र की गडूल ग्राम पंचायत में भारी बारिश के दौरान बहा गडूल–सूर्यधार (सिल्ला चौकी) संपर्क मार्ग 10 दिन बाद भी बहाल नहीं हो सका है। बीते बुधवार डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने सिंचाई विभाग और लोक निर्माण विभाग के संबंधित अधिकारियों के साथ मौके का स्थलीय निरीक्षण कर लोक निर्माण विभाग को ह्यूम पाइप डालकर तत्काल अस्थायी पुलिया बनाने और आवाजाही सुचारु करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने पूरे मामले से जिलाधिकारी को भी अवगत कराया था, लेकिन एक सप्ताह से अधिक समय बीतने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। इससे ग्रामीणों में विभागीय कार्यप्रणाली को लेकर गहरा आक्रोश है।
मार्ग बंद होने से गढ़ूल, सिल्ला चौकी, सूर्यधार, कंडोली, खरक और सेबूवाला सहित आसपास के करीब छह गांवों का मुख्य मार्ग से संपर्क प्रभावित है। स्कूली बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और कामकाजी लोग रोजाना उफनते खाले को जान जोखिम में डालकर पार करने को मजबूर हैं। लगातार हो रही बारिश से जलस्तर बढ़ने के कारण किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
संपर्क मार्ग बाधित होने से पर्यटन और स्थानीय कारोबार पर भी प्रतिकूल असर पड़ा है। सूर्यधार झील और आसपास के पर्यटन स्थलों तक पहुंच प्रभावित होने से होमस्टे संचालकों, दुकानदारों और अन्य छोटे कारोबारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि मार्ग निर्माण को लेकर संबंधित विभाग जिम्मेदारी तय करने के बजाय एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं। विभागीय समन्वय के अभाव में 10 दिन बाद भी लोगों को राहत नहीं मिल सकी है।
क्षेत्र पंचायत सदस्य रविंद्र रावत ने कहा कि पिछले 10 दिनों से ग्रामीणों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित है। लोग रोज जान जोखिम में डालकर खाला पार कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई। यदि जल्द अस्थायी पुलिया का निर्माण नहीं हुआ तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
प्रधान प्रतिनिधि धर्मेंद्र रावत ने कहा कि विधायक के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद विभागों की आपसी खींचतान का खामियाजा ग्रामीण भुगत रहे हैं। संबंधित विभागों को बिना देरी किए ह्यूम पाइप डालकर अस्थायी पुलिया का निर्माण करना चाहिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि उन्होंने अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। ग्रामीणों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। संबंधित विभागों को शीघ्र अस्थायी पुलिया बनाकर आवागमन बहाल करने तथा स्थायी समाधान की दिशा में तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
सिंचाई विभाग की सहायक अभियंता ममता पवार ने बताया कि क्षतिग्रस्त स्थल का निरीक्षण कर लिया गया है। कार्य का एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है। स्वीकृति और बजट मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर ग्रामीणों की आवाजाही सामान्य कराई जाएगी।



