चिरगांव में सजेगी राष्ट्रकवि की यादों की विरासत। (मैथिलीशरण गुप्त के पैतृक आवास को संग्रहालय बनाने के लिए चार करोड़ मंजूर)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने शुक्रवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट की। इस दौरान राष्ट्रनिर्माण, भारतीय संस्कृति और साहित्य संवर्धन समेत विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
डॉ. निशंक ने झांसी के चिरगांव स्थित राष्ट्रकवि एवं पद्मभूषण मैथिलीशरण गुप्त के पैतृक आवास को ‘राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त संग्रहालय’ के रूप में विकसित करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आग्रह स्वीकार करते हुए आवास के संरक्षण और विकास के लिए चार करोड़ रुपये की स्वीकृति दी।
डॉ. निशंक ने कहा कि मैथिलीशरण गुप्त का साहित्य राष्ट्रचेतना और भारतीय संस्कृति का सशक्त स्वर रहा है। उनके पैतृक आवास को संग्रहालय बनाना उनकी साहित्यिक विरासत को भावी पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
भेंट के दौरान डॉ. निशंक ने थानो स्थित लेखक गांव में आयोजित होने वाले ‘लेखक गांव अंतर्राष्ट्रीय महोत्सव-2026’ के लिए मुख्यमंत्री को आमंत्रित किया। योगी आदित्यनाथ ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए लेखक गांव आने का आश्वासन दिया।



