दीपावली की आहट से बाजारों में छाने लगी रौनक, रंग-बिरंगी मालाओं से सजीं दुकानें। (रेलवे रोड से ऋषिकेश रोड तक सजा सजावटी सामान का बाजार, घरों को आकर्षक बनाने के लिए खरीदारी में जुटे लोग)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
दीपावली का पर्व नजदीक आते ही डोईवाला के बाजारों में त्योहार की रौनक दिखाई देने लगी है। रेलवे रोड, मिल रोड, देहरादून रोड और ऋषिकेश रोड पर दुकानदारों ने अपनी दुकानें आकर्षक सजावटी सामान से सजा दी हैं। बाजार में रंग-बिरंगी आर्टिफिशियल मालाएं, फूलों की लड़ियां, तोरण, झालर और घरों को सजाने के लिए विभिन्न प्रकार की सामग्री उपलब्ध है। दुकानों पर सजे रंगीन सामान त्योहार के उत्साह को और बढ़ा रहे हैं। लोग घरों और प्रतिष्ठानों को सजाने के लिए अपनी पसंद का सामान देखने और खरीदने बाजार पहुंच रहे हैं।
रेलवे रोड के माला विक्रेता पवन सिंघल ने बताया कि दीपावली पर घरों के मुख्य द्वार और मंदिरों को सजाने के लिए आर्टिफिशियल मालाओं की विशेष मांग रहती है। इस बार ग्राहकों के लिए अलग-अलग रंग, आकार और डिजाइन की मालाएं उपलब्ध कराई गई हैं। त्योहार नजदीक आने के साथ बाजार में ग्राहकों की आवाजाही भी बढ़ने लगी है।
ऋषिकेश रोड के व्यापारी शुभम महावर ने बताया कि दीपावली पर लोग घरों को नया और आकर्षक रूप देने के लिए सजावटी सामान की खरीदारी करते हैं। ग्राहकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए दुकानों पर विभिन्न प्रकार की सजावटी सामग्री रखी गई है। उम्मीद है कि दीपावली से पहले बाजार में खरीदारी का उत्साह और बढ़ेगा।



