दीपावली से पहले बाजारों में व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटी पुलिस। (त्योहारी भीड़ को देखते हुए अतिक्रमण हटाने के साथ व्यापारियों को यातायात व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही पुलिस ने बाजारों में कानून एवं यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए सक्रियता बढ़ा दी है। सोमवार को डोईवाला पुलिस और फायर सर्विस लालतप्पड़ की संयुक्त टीम ने मिल रोड, रेलवे रोड, ऋषिकेश रोड और देहरादून रोड सहित प्रमुख बाजारों में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान दुकानों के बाहर सड़क और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया। टीम ने व्यापारियों को दुकानों का सामान सड़क पर नहीं रखने की हिदायत दी, ताकि त्योहार के दौरान बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को आवागमन में परेशानी न हो। साथ ही यातायात व्यवस्था बाधित न करने की अपील की गई।
एसएसआई सचिन पुंडीर ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य है कि दीपावली का त्योहार सभी लोग हंसी-खुशी और सुरक्षित माहौल में मना सकें। इसके लिए बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और अतिक्रमण हटाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने व्यापारियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि त्योहार के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की ओर से लगातार निगरानी की जाएगी।
इस दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से सुधीर सैनी, वीर सिंह आदि मौजूद रहे।



