अशासकीय विद्यालयों के शिक्षकों को फरवरी से वेतन नहीं, परिषद ने जताया रोष, (उत्तरांचल प्रधानाचार्य परिषद ने वेतन बजट जल्द जारी करने की मांग की)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
उत्तरांचल प्रधानाचार्य परिषद ने अशासकीय विद्यालयों के शिक्षकों एवं कर्मचारियों को फरवरी माह से वेतन न मिलने पर नाराजगी जताई है। परिषद ने इसे विभाग की असंवेदनशीलता बताते हुए कहा कि वेतन न मिलने से शिक्षकों और कर्मचारियों को गंभीर आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
परिषद अध्यक्ष दिनेश चंद्र भट्ट ने कहा कि शिक्षक देश का भविष्य गढ़ते हैं, लेकिन उन्हें अपने वेतन के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। वेतन न मिलना शिक्षकों की गरिमा के साथ अन्याय है और यह स्थिति बेहद चिंताजनक है।
परिषद के प्रांतीय महामंत्री अंकित डोबरियाल ने कहा कि फरवरी से वेतन न मिलने के कारण शिक्षकों और कर्मचारियों को रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने में दिक्कत हो रही है। उन्होंने मांग की कि अशासकीय विद्यालयों के लिए वेतन बजट शीघ्र जारी किया जाए।
इस दौरान प्रतिभा पाठक, अवतार सिंह चावला, श्रवण कुमार, धर्मी मिश्र सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी एकजुट होकर सरकार से जल्द कार्रवाई की मांग की। परिषद ने चेतावनी दी कि यदि समय पर वेतन जारी नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।



