दीपावली पर बढ़ा कूड़े का बोझ, नगर पालिका ने उठाया 60 मीट्रिक टन कूड़ा। (सभी 20 वार्डों में चला विशेष सफाई अभियान, बम-पटाखों के जले अवशेषों और आतिशबाजी के कचरे को भी किया एकत्र)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
दीपावली का त्योहार संपन्न होने के बाद नगर क्षेत्र में कूड़े की मात्रा में काफी इजाफा देखने को मिला। दीपावली के दिन हुई आतिशबाजी और बम-पटाखों से निकले अवशेषों ने भी सड़कों और गलियों में गंदगी बढ़ा दी। इसके बाद नगर पालिका प्रशासन ने विशेष सफाई अभियान चलाकर पूरे नगर को स्वच्छ बनाने की जिम्मेदारी संभाली। अभियान के तहत नगर पालिका के सभी 20 वार्डों से लगभग 60 मीट्रिक टन कूड़ा एकत्र किया गया।
दीपावली के दौरान बाजारों और आवासीय क्षेत्रों में घरों की साफ-सफाई, खरीदारी और आतिशबाजी के चलते बड़ी मात्रा में कूड़ा निकला। इसमें मिठाइयों के डिब्बे, सजावटी सामान की पैकिंग, प्लास्टिक, कागज के अलावा बम-पटाखों के जले हुए खोल, गत्ते और आतिशबाजी के अवशेष शामिल रहे। दीपावली की रात पटाखे जलाने के बाद सड़कों और गलियों में जगह-जगह कचरा फैल गया था। इसे देखते हुए नगर पालिका ने सफाई कर्मचारियों की टीमें लगाकर सभी वार्डों में सफाई कराई। कर्मचारियों ने बाजारों, मुख्य मार्गों और आवासीय क्षेत्रों से कूड़ा एकत्र किया।
मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन रावत ने बताया कि दीपावली के बाद सभी 20 वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाकर करीब 60 मीट्रिक टन कूड़ा एकत्र किया गया है। इसमें आतिशबाजी और बम-पटाखों के अवशेष भी शामिल हैं। उन्होंने लोगों से कूड़ा निर्धारित स्थानों पर डालने और नगर को स्वच्छ रखने में सहयोग करने की अपील की।
इस दौरान नगर के नप सुपरवाइजर सुरेंद्र कुमार नीरज कुमार आदि मौजूद रहे



