राष्ट्रीय मंच पर चमकी उत्तराखंड एसडीआरएफ की टीम। (नॉर्थ जोन में प्रथम और राष्ट्रीय प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल कर दर्ज की उपलब्धि, मुख्यमंत्री ने दी बधाई)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित सीबीआरएन प्रतियोगिता में एसडीआरएफ उत्तराखंड की टीम ने दूसरा स्थान हासिल कर प्रदेश का मान बढ़ाया है। प्रतियोगिता में तमिलनाडु ने प्रथम और बिहार एसडीआरएफ ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
गाजियाबाद में दो से चार नवंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में देशभर की विभिन्न टीमों ने प्रतिभाग किया। उत्तराखंड की टीम ने अपनी तकनीकी दक्षता, त्वरित निर्णय क्षमता, सुरक्षा प्रबंधन और बेहतर तालमेल का प्रदर्शन किया। इससे पहले बठिंडा में आयोजित नॉर्थ जोन सीबीआरएन प्रतियोगिता में भी एसडीआरएफ उत्तराखंड ने प्रथम स्थान प्राप्त किया था।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर यह उपलब्धि प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। यह जवानों की मेहनत, समर्पण और उत्कृष्ट प्रशिक्षण का परिणाम है। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ और पुलिस महानिरीक्षक एसडीआरएफ योगेंद्र सिंह रावत ने भी टीम के प्रदर्शन की सराहना की।
सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी ने दल को बधाई देते हुए दल कमांडर उपनिरीक्षक संतोष परिहार, सुरक्षा अधिकारी उपनिरीक्षक पुष्कर सिंह जीना और दल प्रबंधक उपनिरीक्षक आशीष रावत के योगदान की विशेष सराहना की।
प्रतियोगिता में उपनिरीक्षक आशीष रावत, संतोष परिहार, पुष्कर सिंह जीना, मुख्य आरक्षी उमेश भट्ट, नवीन कुंवर, रॉबिन सिंह तथा आरक्षी नीरज परगाई, प्रदीप लसियाल, हरीश गोस्वामी, संदीप रावत, हेमंत सिंह, विकास, बृजेश, राजेंद्र सिंह, जगजीत सिंह, गुड्डू कुमार, गब्बर सिंह, वीरेंद्र सिंह और सागर कुमार शामिल रहे।



