Blog

थानों में गांव तक पहुंची सरकार, बहुउद्देशीय शिविर में 808 ग्रामीण लाभान्वित।

विधायक बृजभूषण गैरोला की मौजूदगी में 65 जनसमस्याएं दर्ज, अधिकांश का मौके पर समाधान।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वारा कार्यक्रम के तहत बृहस्पतिवार को न्याय पंचायत थानों में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा एक ही स्थान पर सेवाएं प्रदान की गईं, जिससे बड़ी संख्या में ग्रामीणों को सीधा लाभ मिला।

कार्यक्रम में डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला विशेष रूप से उपस्थित रहे, जबकि शिविर की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी अपर्णा ढौडियाल ने की।
डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंचे और लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। ऐसे शिविर शासन और प्रशासन को गांव के द्वार तक लाने का माध्यम हैं और इससे ग्रामीण विकास को नई गति मिलती है।

शिविर में थानों, कोटी मेहचक, लडवाकोट, सिंधवाल गांव, सनगांव, धारकोट और भड़ेरना सहित आसपास के गांवों से आए ग्रामीणों ने भूमि, सड़क, पेयजल, विद्युत, पेंशन आदि से संबंधित कुल 65 शिकायतें दर्ज कराईं। इनमें से अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों में संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

उप जिलाधिकारी अपर्णा ढौडियाल ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, क्योंकि गांवों का विकास ही क्षेत्र के समग्र विकास की नींव है।
शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा 437 लोगों की एलोपैथिक तथा 60 लोगों की होम्योपैथिक जांच कर निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। कृषि विभाग की ओर से 80 प्रतिशत अनुदान पर एक आटा चक्की एवं दो पावर फीडर वितरित किए गए। वहीं महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा पाँच महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट प्रदान की गई।
कृषि, उद्यान, पशुपालन, डेयरी, पंचायती राज, समाज कल्याण, एनआरएलएम, विद्युत, श्रम सहित विभिन्न विभागों के माध्यम से कुल 808 लाभार्थियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया गया।
कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री मधु भट्ट, थानों प्रधान चंद्रप्रकाश तिवाड़ी, कोटी मेहचक प्रधान शिवानी, लडवाकोट प्रधान शिवानी कंडारी, सिंधवाल गांव प्रधान तान्या पंवार, सनगांव प्रधान हेमनती रावत, धारकोट प्रधान पूजा, भड़ेरना प्रधान शीला, खंड विकास अधिकारी, एबीडीओ सुनील उनियाल, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button