अधिशासी अधिकारी से वार्ता के बाद कूड़ा वाहन चालकों की हड़ताल समाप्त, (मांग पत्र सौंपा गया, वेतन, अवकाश, ओवरटाइम व सुरक्षा उपकरणों की कर्मचारियों की मांगों पर चार दिन में समाधान का आश्वासन)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
नगर पालिका परिषद डोईवाला के कूड़ा उठान एवं ठेका सफाई कर्मचारियों द्वारा वेतन कटौती, श्रम नियमों के पालन और सुरक्षा सुविधाओं की मांग को लेकर दो दिनों से चल रहा धरना-प्रदर्शन अधिशासी अधिकारी से वार्ता के बाद समाप्त हो गया। इससे पहले कर्मचारियों का धरना दूसरे दिन भी जारी रहा, जिसमें उन्होंने पूर्व की भांति वेतन दिए जाने, श्रम नियमों के तहत साप्ताहिक अवकाश, उपार्जित अवकाश, आकस्मिक अवकाश, दुगना ओवरटाइम भुगतान, ग्रेच्युटी सहित अन्य मांगें प्रमुखता से उठाईं।
धरना स्थल ट्रेंचिंग ग्राउंड पर पहुंचे अधिशासी अधिकारी एमएल शाह ने कूड़ा वाहन चालकों और हेल्परों से सीधी बातचीत की। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर एक लिखित मांग पत्र भी सौंपा। कर्मचारियों ने बताया कि सफाई जैसे जोखिम भरे कार्य के बावजूद उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा की अनदेखी की जा रही है तथा मास्क, ग्लव्स और बूट्स जैसे आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं, जिससे मजबूरी में असुरक्षित हालात में कार्य करना पड़ रहा है।
श्रमिक नेता संदीप नेगी ने कहा कि सफाई कर्मचारी दिन-रात नगर को स्वच्छ रखने का कार्य करते हैं, लेकिन बदले में उन्हें न पूरा वेतन मिल रहा है और न ही श्रम कानूनों के तहत मिलने वाली सुविधाएं। सुरक्षा उपकरणों के अभाव में कर्मचारियों की जान जोखिम में है। इन सभी समस्या का समाधान नगर पालिका को करना चाहिए i
सभासद प्रदीप नेगी जेठली ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की मांगें पूरी तरह जायज और नियमों के अनुरूप हैं। नगर पालिका प्रशासन को चाहिए कि कर्मचारियों को उनका हक समय पर दिलाया जाए, ताकि वे बिना भय के अपना कार्य कर सकें।
पूर्व सभासद हिमांशु राणा ने कहा कि सफाई कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरण देना और समय पर पूरा वेतन भुगतान करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इन मांगों की अनदेखी करना उचित नहीं है I
अधिशासी अधिकारी एमएल शाह ने कहा कि कर्मचारियों की सभी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। संबंधित ठेकेदार से वार्ता कर समाधान निकाला जाएगा और जो भी शासनादेश प्रभावी होगा, उसी के नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया के लिए चार दिन का समय लिया गया है।
अधिशासी अधिकारी के आश्वासन के बाद कूड़ा वाहन चालकों और हेल्परों ने धरना एवं हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की और कूड़ा वाहन लेकर अपने-अपने क्षेत्रों में रवाना हो गए, जिससे नगर की सफाई व्यवस्था पुनः सुचारु हो गई।
इस दौरान अवतार सिंह गौतम मौर्य,लक्की यादव,अनिल कुमार, हरीश, सूरज, सुभाष, प्रकाश,अरुण, राजेंद्र, कार्तिक, विशाल, संदीप शिवम आदि मौजूद रहे।



