Blog

फतेहपुर में बाघ दिखा, जीवनवाला में हाथी ने रौंदी गन्ने की फसल। (जंगल मार्ग पर देर रात बाघ दिखने से दहशत, वार्ड एक में हाथी ने चार बीघा गन्ना रौंदा)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
जीवनवाला ग्राम पंचायत के फतेहपुर क्षेत्र में गोगा माड़ी के पास जंगल वाले मार्ग पर देर रात बाघ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। रात करीब साढ़े 10 बजे मार्ग से गुजर रहे एक व्यक्ति ने बाघ को देखा और उसका वीडियो मोबाइल में कैद कर लिया। वहीं जीवनवाला के वार्ड नंबर एक में हाथी ने किसान अमरजीत सिंह और ओमप्रकाश बिजलवान की करीब चार बीघा गन्ने की फसल रौंद दी।

जीवनवाला प्रधान गुरजीत सिंह लाड़ी ने कहा कि क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। बाघ और हाथी की मौजूदगी से ग्रामीणों में डर बना हुआ है। उन्होंने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के साथ ही बाघ को पकड़ने के लिए जल्द पिंजरा लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए समय रहते प्रभावी कदम उठाना जरूरी है।

बड़कोट रेंज अधिकारी गणेश उनियाल ने बताया कि रात में क्षेत्र में गश्त की जा रही है। बाघ की सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी गई है और पिंजरा लगाने के लिए लिखित में दिया गया है। आदेश मिलते ही पिंजरा लगाया जाएगा। हाथी से फसल नुकसान के मामले में भी नियमानुसार कार्रवाई करते हुए किसानों को मुआवजा दिलाया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से जंगल मार्गों पर आवागमन के दौरान सावधानी बरतने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button