महाकुंभ में एसडीआरएफ जवानों ने बढ़ाया उत्तराखंड का गौरव। (अर्पण यदुवंशी ने उत्कृष्ट सेवा के लिए जवानों को किया सम्मानित, ₹5 लाख की पुरस्कार राशि प्रदान)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
महाकुंभ-2025 प्रयागराज में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता सहित विभिन्न दायित्वों का उत्कृष्टता से निर्वहन करने वाले उत्तराखंड एसडीआरएफ के जवानों को सम्मानित किया गया। राज्य सरकार की ओर से महाकुंभ ड्यूटी में तैनात एसडीआरएफ टीम के लिए ₹5 लाख की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
वाहिनी मुख्यालय जौलीग्रांट में आयोजित कार्यक्रम में सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले जवानों को पुरस्कार राशि प्रदान की। उन्होंने कहा कि महाकुंभ जैसे विशाल आयोजन में अनुशासन, सतर्कता, त्वरित निर्णय और बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है। जवानों ने कठिन परिस्थितियों में पूरी तत्परता और समर्पण से कार्य कर एसडीआरएफ का गौरव बढ़ाया।
उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार जवानों की मेहनत और समर्पण का सम्मान है, जो उनका मनोबल बढ़ाने के साथ भविष्य में बेहतर कार्य के लिए प्रेरित करेगा।
कार्यक्रम में उपसेनानायक शुभांक रतूड़ी, सहायक सेनानायक संजय उप्रेती, शिविरपाल आनंद सिंह रावत, निरीक्षक कविन्द्र सजवाण, सूबेदार सैन्य सहायक जयपाल राणा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



