मन की बात से मिली नई ऊर्जा, स्वदेशी और पर्यावरण संरक्षण पर जोर, त्रिवेंद्र सिंह रावत (बद्रीपुर में सांसद ने किया 135वें एपिसोड का सामूहिक श्रवण, पौधारोपण कर दिया संदेश)
डोईवाला जौलीग्रांट (राजेंद्र वर्मा):
हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बद्रीपुर स्थित शिव शक्ति मंदिर सामुदायिक भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात का 135वां एपिसोड स्थानीय नागरिकों के साथ सामूहिक रूप से देखा। कार्यक्रम स्थल पर वार्ड 96 नवादा से बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत से पूर्व सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम के दौरान कहां कि पश्चिम एशिया के हालात, सोने की खरीदारी, पेट्रोल-डीजल की बचत, स्वदेशी अपनाने और प्राकृतिक खेती जैसे विषयों पर देशवासियों से संवाद किया और जनभागीदारी के माध्यम से विकास को गति देने का संदेश दिया।
सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि मन की बात केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और नई सोच देने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री देशभर की प्रेरक कहानियों को सामने लाकर आम लोगों को राष्ट्र निर्माण से जोड़ते हैं।
सांसद ने स्वदेशी उत्पादों को अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि आत्मनिर्भर भारत की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने गो-आधारित उत्पादों के महत्व को बताते हुए कहा कि गोमूत्र अर्क और गोबर जैसे तत्व वैज्ञानिक दृष्टि से भी उपयोगी हैं और पर्यावरण संरक्षण में सहायक हैं।
इस अवसर पर सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शिव मंदिर परिसर में एक फलदार पौधे का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और वार्ड 96 नवादा के पार्षद वीरेंद्र वालिता ने सांसद का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में मोन्टी वालिया सहित क्षेत्र के अनेक नागरिक उपस्थित रहे।



