महाविद्यालय में भारतीय ज्ञान परंपरा परीक्षा आयोजित, विद्यार्थियों ने उत्साह से लिया भाग। (परीक्षा के बाद प्रतिभागियों को दिए प्रमाणपत्र, युवाओं को भारतीय संस्कृति और ज्ञान परंपरा से जोड़ने पर दिया जोर)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
शहीद दुर्गा मल्ल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डोईवाला में शनिवार को भारतीय ज्ञान परंपरा परीक्षा का आयोजन किया गया। इसमें महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। परीक्षा संपन्न होने के बाद सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान, उत्तराखंड की प्रांत मंत्री डॉ. राजकुमारी भंडारी ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली इतिहास का प्रतीक है। विद्यार्थियों को इससे जुड़कर अपने ज्ञान और संस्कृति को आगे बढ़ाने का प्रयास करना चाहिए।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डीपी भट्ट ने कहा कि युवा पीढ़ी को अपनी समृद्ध ज्ञान परंपरा और संस्कृति से जोड़ने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है। परीक्षा की नोडल अधिकारी डॉ. अंजली वर्मा ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से परिचित कराने और भारतीय ज्ञान परंपरा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में परीक्षा समिति के परीक्षा प्रभारी डॉ. अखिलेश कुकरेती, डॉ. वंदना गौड़, डॉ. पूनम पांडे, डॉ. पूरन सिंह खाती, डॉ. देवेश प्रसाद, डॉ. सीताराम नैथानी, रामेश्वर और शोभा ने सहयोग किया।



