स्थानीय कलाकारों के दम पर आज भी जीवंत हैं रामलीलाएं। अश्विनी बहुगुणा (लक्ष्मण शक्ति प्रसंग के मंचन ने दर्शकों को किया भावुक, संजीवनी बूटी से लौटी लक्ष्मण की चेतना)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख अश्विनी बहुगुणा ने कहा कि देहरादून की पुरानी रामलीलाओं को जीवंत बनाए रखने में स्थानीय कलाकारों की अहम भूमिका है। कलाकारों के समर्पण और अभिनय के चलते आज भी रामलीलाओं के प्रति लोगों में खासा उत्साह बना हुआ है। शुक्रवार रात नवयुवक रामलीला समिति जौलीग्रांट की रामलीला के आठवें दिन उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
रामलीला में सीता हरण के बाद राम-रावण युद्ध और लक्ष्मण शक्ति प्रसंग का मंचन किया गया। रावण के सीता को लौटाने से इनकार करने पर भगवान राम को युद्ध करना पड़ा। युद्ध के दौरान मेघनाथ के शक्ति बाण से लक्ष्मण मूर्छित हो गए। लक्ष्मण को अचेत देख भगवान राम उन्हें गोद में लेकर विलाप करने लगे। भाई के प्रति राम का प्रेम और करुण विलाप देखकर दर्शक भावुक हो उठे।
इसके बाद सुषेण वैद्य के परामर्श पर हनुमान संजीवनी बूटी लेकर पहुंचे। संजीवनी बूटी ग्रहण करते ही लक्ष्मण की चेतना लौट आई। इसके बाद मेघनाथ और लक्ष्मण के बीच हुए भीषण युद्ध में लक्ष्मण ने मेघनाथ का वध कर दिया।
इस अवसर पर समिति अध्यक्ष अरुण शर्मा, संरक्षक मनोज नौटियाल, केसर सिंह, अशोक धीमान, राज्य आंदोलनकारी रवींद्र सोलंकी, सुरेश चंद कोहली, संदीप कुमार, हरिश्चंद्र कोहली, शेर सिंह चौधरी, शिव कुमार शर्मा, महेंद्र चौहान, अमरजीत सिंह और वेद प्रकाश आर्य सहित अन्य मौजूद रहे।



