Blog

शोध और अकादमिक उत्कृष्टता के लिए महाविद्यालय के दो प्राध्यापक सम्मानित। (विज्ञान एवं शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए मिला राज्यस्तरीय सम्मान, महाविद्यालय परिवार में खुशी की लहर)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
शहीद दुर्गा मल्ल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डोईवाला के दो प्राध्यापकों ने शोध, विज्ञान और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। जन्तु विज्ञान विभाग के डॉ. विजय प्रकाश सेमवाल और अर्थशास्त्र विभाग के डॉ. शिव कुमार लाल को उनके उत्कृष्ट अकादमिक एवं शोध कार्यों के लिए प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया गया है। दोनों की उपलब्धि से महाविद्यालय में खुशी का माहौल है।

महाविद्यालय के जन्तु विज्ञान विभाग में कार्यरत डॉ. विजय प्रकाश सेमवाल को उत्तराखंड विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट), देहरादून की ओर से वर्ष 2026 का शोध उत्कृष्टता पुरस्कार प्रदान किया गया। करीब 25 वर्षों से शोध कार्यों में सक्रिय डॉ. सेमवाल के 25 से अधिक शोधपत्र प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने तीन पुस्तकों का लेखन भी किया है। उनका शोध हिमालयी नदियों, जलीय जैव विविधता, मत्स्य संरक्षण और पर्यावरणीय अध्ययन पर केंद्रित है। वह स्वर्ण महाशीर के संरक्षण तथा जलीय जैव विविधता के अध्ययन में आधुनिक तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग की संभावनाओं पर भी कार्य कर रहे हैं।

वहीं, अर्थशास्त्र विभाग के डॉ. शिव कुमार लाल को शिक्षा, शोध, अकादमिक नवाचार और सामाजिक सरोकारों में योगदान के लिए वर्ष 2026 के नौवें वर्ष के सर्वश्रेष्ठ शिक्षक सम्मान से नवाजा गया। यह सम्मान सातवें देहरादून अंतरराष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी महोत्सव के तहत आयोजित उच्च शिक्षा सम्मेलन में प्रदान किया गया। उनके 11 शोधपत्र प्रतिष्ठित शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हैं। इसके अलावा चार पुस्तकों में उनका योगदान रहा है और वह 40 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में प्रतिभाग कर चुके हैं। उनका शोध पर्यटन, अर्थव्यवस्था, पर्यावरण, सतत विकास और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित है।

दोनों प्राध्यापकों की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान महाविद्यालय के साथ ही उत्तराखंड के उच्च शिक्षा जगत के लिए भी गौरव की बात है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button