मारखमग्रांट पेयजल योजना फेल, करोड़ों खर्च के बाद भी लापरवाही उजागर, (नई पाइपलाइन में लीकेज, 700 रुपये सरचार्ज और बिल न आने से ग्रामीण परेशान,मारखमग्रांट में पेयजल योजना फेल, ग्रामीणों में आक्रोश)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
मारखमग्रांट ग्राम पंचायत में पेयजल योजना की स्थिति लगातार खराब बनी हुई है। जल संस्थान से जल निगम को सौंपे गए इस प्रोजेक्ट पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद ग्रामीणों को पर्याप्त और सुचारु पेयजल सुविधा नहीं मिल पा रही है। नई पाइपलाइन और ट्यूबवेल से जोड़े गए कनेक्शन जगह-जगह से लीक हो रहे हैं, जिससे पानी की भारी बर्बादी हो रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कार्य में शुरू से ही लापरवाही बरती गई। कनेक्शन लगने के बाद लगातार लीकेज की समस्या बनी हुई है। पहले विभाग द्वारा कुछ समय तक मरम्मत का कार्य मुफ्त में किया गया, लेकिन बाद में इसे बंद कर दिया गया। अब उपभोक्ताओं को लीकेज ठीक कराने का खर्च स्वयं उठाना पड़ रहा है, जिससे लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है।
वहीं जल निगम की ओर से उपभोक्ताओं के बिल में 700 रुपये का अतिरिक्त सरचार्ज जोड़ा जा रहा है। इसके साथ ही पिछले कई महीनों से बिल नहीं भेजे जाने के कारण अब लोगों को एक साथ भारी बिल आने की चिंता सता रही है।
मारखमग्रांट प्रथम से क्षेत्र पंचायत सदस्य आशिया परवीन ने विभाग से मांग की है कि सभी लीकेज की मुफ्त मरम्मत की जाए, लगाए गए सरचार्ज को वापस लिया जाए और बकाया बिलों को एक साथ वसूलने के बजाय आसान किस्तों में लिया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
जल निगम के अपर अभियंता अंकिता चौहान ने बताया कि ऑनलाइन पोर्टल में तकनीकी दिक्कत आ रही है, जिसे जल्द ठीक कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पोर्टल ठीक होने के बाद सभी उपभोक्ताओं को ऑनलाइन बिल उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि कनेक्शन तक की जिम्मेदारी विभाग की है, लेकिन उसके बाद होने वाली लीकेज की मरम्मत उपभोक्ताओं को स्वयं करनी होगी।



